पालमपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना भवारना क्षेत्र के भिका शाह में आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम ने शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक किराये के मकान से शराब की बोतलें और पैकेजिंग सामग्री बरामद की है। मौके से विभिन्न ब्रांड की शराब की 247 बोतलें, दो आधी बोतलें और एक चौथाई बोतल के अलावा खाली बोतलें, ढक्कन और स्टीकर मिले हैं। इस मामले में अमित कुमार निवासी टप्पा, पाहड़ा और उसके साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार शनिवार को आबकारी विभाग पालमपुर की टीम को अवैध शराब के कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद विभागीय टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से भिका शाह स्थित किराये के मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान 247 बोतलें बरामद की गईं। इसके अलावा रॉयल स्टैग की दो आधी और एक चौथाई बोतल भी मिली।
मौके से 102 खाली प्लास्टिक की बोतलें, 167 खाली कांच की बोतलें, विभिन्न ब्रांड के 1355 ढक्कन, किंगफिशर, टुबॉर्ग सहित अन्य ब्रांड के नाम वाले 2633 स्टीकर और पांच खाली डिब्बे भी बरामद किए गए। एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले में अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पंजाब-चंडीगढ़ की शराब को अवैध तरीके से लाते थे कांगड़ा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अमित और उसके साथी पंजाब-चंडीगढ़ में बिकने वाली शराब को अवैध तरीके से कांगड़ा लाते थे। इस शराब को यहां पर हिमाचल में बिकने वाली शराब की खाली बोतलों में बदलकर बेचा जाता था। सस्ती शराब को लाकर यहां दूसरी बोतलों में बदलकर स्टीकर भी बदले जाते थे। पुलिस मामले में शराब को चंडीगढ़ से कांगड़ा तक पहुंचाने वाले सभी तथ्यों को खंगाल रही है।