रैहन (कांगड़ा)। स्थानीय बाजार में शाम 8.30 के लगभग सरेआम तलवारें और लाठियां चलीं। दो गुटों के बीच हुए इस लड़ाई-झगड़े से पूरे बाजार में दहशत का माहौल बन गया। इस लड़ाई झगड़े का कारण दोनों गुटों में आपसी पुरानी दुश्मनी बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार रैहन बाजार में चल रहे एक बीयर बार में कुछ लोग शराब पी रहे थे। इस दौरान दो गुट आपस में उलझ पड़े। मामूली कहासुनी से शुरू हुई यह लड़ाई सड़कों पर उतर आई और दोनों गुटों ने तलवारें और डंडों से एक-दूसरे पर हमला करना शुरू कर दिया। दो गुटों की लड़ाई में बीयर बार को काफी नुक्सान पहुंचा है। वहीं जिस दौरान रैहन बाजार में यह गुंडागर्दी का नंगा नाच हुआ, उस दौरान लोग रोजमर्रा का सामान लेने के लिए बाजार आए थे। बाजार में सरेआम तलवारें और लाठियां चलते लोग दहशत में आ गए और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बताया जा रहा है कि इस लड़ाई-झगड़े में दो-तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं मामले की पुष्टि करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांगड़ा संतोष पटियाल ने बताया कि दो गुटों के बीच झगड़ा हुआ है। डीएसपी और एसएचओ अभी तक मामले की छानबीन कर रहे हैं।