अमर उजाला ब्यूरो
कांगड़ा। विकास खंड कांगड़ा के तहत बीपीएल कोटे में आए अपात्र परिवारों को हटाने की मुहिम जल्द शुरू हो जाएगी। इस मुहिम के तहत उन्हीं परिवारों को रखा या जोड़ा जाएगा जो वास्तव में गरीबी रेखा से नीचे के हैं। इसके तहत विकास खंड ऐसे तमाम मानकों पर उन परिवारों को रखेगा जिन्हें बीपीएल में डाला जाना चाहिए। जबकि घर में सुविधाएं होने के बावजूद बीपीएल कोटे के मजे ले रहे ऐसे परिवारों को हटा दिया जाएगा।
कांगड़ा विकास खंड की सभी पंचायतों में यह अभियान शुरू होने जा रहा है। अभियान में सभी पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। फिर बीपीएल में शामिल परिवारों का रिकॉर्ड छाना जाएगा। बीडीओ रेखा कुमारी ने बताया कि विकास खंड कांगड़ा के अधीन समस्त ग्राम पंचायतों में बीपीएल सूची में से अपात्र परिवारों को हटाने और पात्र परिवारों को जोड़ने के लिए ग्राम सभाओं का आयोजन 25 मार्च, 1 अप्रैल, 8 अप्रैल, 15 अप्रैल व 22 अप्रैल को किया जाएगा। फिर वार्ड स्तर पर ग्राम सभाओं की प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद बीपीएल सर्वे रिपोर्ट को इन निर्धारित तिथियों में ग्राम सभाओं में रखा जाएगा, ताकि अपात्र परिवारों को हटा कर पात्र परिवारों का चयन बीपीएल सूची में किया जा सके।