अमर उजाला ब्यूरो
शाहपुर (कांगड़ा) । औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शाहपुर में मोहाली की वाइब्राकास्टिक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने 66 प्रशिक्षित युवाओं को नियमित आधार पर नौकरी के लिए चयनित किया। सभी चयनित युवा 12 मार्च को मोहाली स्थित प्लांट में ज्वाइनिंग देंगे। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शाहपुर के प्रधानाचार्य एसके लखनपाल ने बताया कि सभी चयनित युवाओं को करीब 8500 रुपये मासिक वेतनमान के अलावा अटेंडेंस रिवार्ड, बोनस, ओवर टाइम , यूनिफॉर्म, सब्सिडाइज्ड फूड और अन्य सभी छुट्टियां नियमानुसार मिलेंगी।
कैंपस साक्षात्कार लेने आए एचआर विभाग के मैनेजर नासिर खरी और मेन्युफेक्चरिंग हेड अभय रंजन ने बताया कि यह एक जर्मन बेस्ड कंपनी है। कंपनी की तरफ से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शाहपुर में जो कैंपस साक्षात्कार आयोजित हुआ, उसमें विभिन्न व्यवसायों के 90 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इनमें से टर्नर व्यवसाय के 2, फिटर व्यवसाय के 11, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रीशियन और शीट मेटल वर्कर का 1-1, पंप ऑपरेटर कम मैकेनिक के 6, वेल्डर के 4, ट्रैक्टर मैकेनिक के 10, मैकेनिक मोटर व्हीकल के 15, डीजल मैकेनिक के 10 और आटो मोबाइल व्यवसाय के 5 अभ्यर्थियों को नौकरी के लिए चयनित किया गया है।
डमटाल, कंदरोड़ी में बिजली बंद रहेगी
जसूर। 220 केवी सब स्टेशन बोड़ में जरूरी उपकरणों के नवीनीकरण के लिए विद्युत सप्लाई 8 मार्च को दोपहर 1:00 बजे से लेकर कार्य समाप्ति तक बाधित रहेगी। इसके चलते थपकोर फीडर के राजा का बाग, कंदरोड़ी, डमटाल ,ठाकुरद्वारा बडूखर क्षेत्र में सप्लाई बाधित रहेगी। यह जानकारी सहायक अभियंता 220 केवी स्टेशन जसूर के संजय धीमान ने दी।