बैजनाथ (कांगड़ा)। पैराग्लाइडिंग के लिए विश्व प्रसिद्ध बीड़ बिलिंग घाटी में बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन और भारतीय वायुसेना के संयुक्त तत्वावधान में स्काई डाइविंग जंप फ्रॉम टेंडम पैराग्लाइडर प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधीश सीपी वर्मा करेंगे। बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के निदेशक अनुराग शर्मा ने बताया कि 14 से 16 अक्तूबर तक होने वाली प्रतियोगिता में 14 और 15 अक्तूबर को अभ्यास दिवस होगा और 16 अक्तूबर को मुख्य प्रतियोगिता होगी। एशिया में पहली बार हो रहे इस आयोजनमें टेंडम उड़ान के दौरान भारतीय वायु सेना के दक्ष पायलट पैराग्लाइडर से जंप करने के उपरांत क्योर स्थित लैंडिंग स्थल पर लैंड करेंगे। बिलिंग के आकाश में भारतीय वायुसेना के 15 दक्ष पायलट एक साथ एक समय में पैराग्लाइडर से जंप करने के बाद पैराशूट के माध्यम से लैंड करेंगे। पैराग्लाइडर से जंप करने के लिए टेंडम पायलट को अपने पैराग्लाइडर को करीब 9 हजार फुट की ऊंचाई तक ले जाना पडे़गा। भारतीय वायुसेना के एयर मार्शल एचएन बागवत एवं वायुसेना के वरिष्ठ और अनुभवी स्काई डाइवर इसमें उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। इसके अतिरिक्त विंग कमांडर एसएस मलिक उनके साथ रहेंगे। वायु सेना का बचाव दल बचाव कार्यों के लिए तैनात रहेगा, जबकि स्थानीय प्रशासन सहयोग करेगा। बीपीए के निदेशक अनुराग शर्मा का कहना है कि समापन पर स्काई सेना के स्काई डाइवर आकाश में अठखेलियों से लोगों का मनोरंजन करेंगे।