ज्वालामुखी (कांगड़ा)। 21 डोगरा बटालियन का 11वां रेजिंग डे वीरवार को श्री ज्वालाजी शक्तिपीठ के समीप एक निजी होटल में धूमधाम से मनाया गया। समारोह में बटालियन के सेवारत और सेवानिवृत्त सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिजनों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि बटालियन के प्रथम सूबेदार मेजर मानद कैप्टन बली राम रहे।
उन्होंने कहा कि 21 डोगरा बटालियन ने स्थापना से लेकर अब तक अनुशासन, वीरता, समर्पण और उत्कृष्ट पेशेवर क्षमता का परिचय देते हुए सेना का गौरव बढ़ाया है। समारोह का शुभारंभ मां ज्वाला के स्मरण और देश की रक्षा में बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों को सम्मानित भी किया गया। समारोह का समापन राष्ट्रगान और बटालियन के युद्धघोष ''''ज्वाला माता की जय'''' के साथ हुआ। इस अवसर पर सूबेदार मेजर मानद कैप्टन रणजीत, सूबेदार कुलदीप, मानद कैप्टन अमीं चंद, मानद कैप्टन विनोद और मानद कैप्टन संजीव सहित अनेक पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। संवाद