अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। तपोवन में नौ जनवरी से शुरू होने जा रहे प्रदेश विधानसभा के शरद सत्र के लिए दूसरी राजधानी धर्मशाला को दुल्हन की तरह सजा दिया गया है। जयराम सरकार के इस्तकबाल के लिए धर्मशाला शहर में सरकारी कार्यालयों से लेकर तपोवन स्थित विधानसभा को रंग-बिरंगी लड़ियों से सजा दिया गया है। जगह-जगह तोरणद्वार लगाए गए हैं। वहीं, सरकार के मंत्रियों के भव्य स्वागत के लिए रविवार को डिनर डिप्लोमेसी भी बनती रही। उधर, नई सरकार के भव्य स्वागत में जिला प्रशासन कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहता है, जिसके लिए कई इंतजाम किए गए हैं। नवनियुक्त उपायुक्त कांगड़ा संदीप कुमार ने रविवार को अपना कार्यभार संभालते ही शीतकालीन सत्र के प्रबंधों की समीक्षा के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की। संदीप कुमार ने विधानसभा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपना दायित्व संजीदगी से निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने विधानसभा सदस्यों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगाए गए संपर्क अधिकारियों को संबंधित विशिष्ट सदस्यों के ठहरने के निर्धारित स्थानों पर सभी सुविधाओं की उपलब्धता तय करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों से जुड़े तमाम प्रबंधों की भी समीक्षा की और इसे लेकर दिशा-निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. रमेश छाजटा, अतिरिक्त उपायुक्त केके सरोच, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी एवं डॉ. शिव कुमार, एसडीएम श्रवण मांटा, सहायक आयुक्त शशीपाल नेगी सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
जोरावर स्टेडियम में करवाई रिहर्सल
विधानसभा सत्र के लिए रविवार को विभिन्न बटालियनों से आए करीब एक हजार पुलिस जवानों ने अपनी-अपनी ड्यूटियां संभाल ली हैं। जोरावर स्टेडियम में पुलिस जवानों को सुरक्षा व्यवस्था की रिहर्सल करवाई गई। एएसपी डॉ. शिव कुमार ने कहा कि तपोवन स्थित विधानसभा को पूरी तरह सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्लान को लेकर पुलिस जवानों को रिहर्सल करवाई गई।