अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। आखिरकार चार माह के लंबे अंतराल के बाद बैजनाथ पपरोला नगर पंचायत के पार्षदों की बैठक का आयोजन एसडीएम डॉ. मुरारी की अध्यक्षता में हुआ। इसमें नपं अध्यक्ष मधु शर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहीं।
बैठक में पूर्व में प्रस्तावित विकास कार्यों को शुरू करवाने और साफ-सफाई की व्यवस्था को सुचारु करवाने पर विचार किया गया। एसडीएम डॉ. मुरारी ने पार्षदों के आग्रह पर नपं के तहत उज्जवला योजना के तहत स्थापित होने वाली करीब 600 स्ट्रीट लाइटों में से स्थापना के लिए शेष रहीं 400 स्ट्रीट लाइटों को जल्द लगाने और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करवाकर उन्हें सुचारु करने के निर्देश दिए। डेढ़ करोड़ की राशि से बनने वाले रास्तों के कार्य को जल्द शुरू करने और रास्तों के निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखने संबंधी आदेश पारित किए गए। नपं के कूडे-कर्कट को ठिकाने लगाने के लिए पेश आ रही दिक्कतों पर विचार-विमर्श करने के बाद पार्षदों ने एसडीएम को तीन चार स्थान डंपिंग साइट के लिए सुझाए। बैठक के बाद एसडीएम डॉ. मुरारी, नपं के अधिकारियों और पार्षदों ने पपरोला के बूहली कोठी में डंपिंग साइट का दौरा किया। एसडीएम डॉ. मुरारी ने बताया कि डंपिंग साइट को शुरू करने से पूर्व उस स्थान पर ऊची चहारदीवारी का निर्माण करवाया जाएगा और बड़े आकार के शेड बनाए जाएंगे। कूड़े के निस्तारण के लिए कूड़ा संयंत्र की स्थापना करवाने का प्रयास किया जाएगा। इन सब औपचारिकताओं के बाद ही डंपिंग साइट की शुरुआत की जाएगी। बैठक में नपं उपाध्यक्ष छवि शर्मा, नपं के सचिव अमन सिपहिया, जेई हितेश और अन्य 9 वार्डों के पार्षद मुकेश शर्मा, अमित कपूर, अनिता सूद, रुची कपूर, बालकृष्ण वंटी, रमेश कुमार, कांता देवी, कविता चोधरी और आशा देवी आदि मौजूद रहीं।
अविश्वास प्रस्ताव के कारण लटका था काम
विधानसभा चुनावों से पूर्व नपं की अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ लिए अविश्वास प्रस्ताव के बाद दोनों पदाधिकारी उच्च न्यायालय में चले गए थे। उच्च न्यायालय में मामले पर स्टे होने के कारण अब तक नपं के कार्य लटके हुए थे। अब एसडीएम डॉ- मुरारी की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद विकास कार्यों के सुचारु होने की उम्मीद जगी है।