अमर उजाला ब्यूरो
लंज (कांगड़ा)।
लंज खास पंचायत के काहलियां मलाहडू सिंचाई योजना का काम दस साल में भी पूरा नहीं हो पाया है। इस योजना से किसानों के खेतों को सींचने के लिए नाबार्ड के तहत 44 लाख 78 हजार 100 रुपये मंजूर हुए थे। पहले दो साल योजना का काम ठीक चला लेकिन बाद में काम पूरी तरह ठप हो गया। किसानों की माने तो नालियों के आउट लेट का काम तो कर दिया पर मेन पाइप बिछाने का कार्य पूरा नहीं हो पाया। इसकी वजह से किसान आज दिन तक इंद्र देवता का मेहरबानियों पर निर्भर है।
किसान सुरेंद्र पांजला, शक्ति चंद, तिलक राज, हंस राज, विश्वास कुमार, चेन सिंह, दीप कुमार, सेवा सिंह, मेहर सिंह, करनैल सिंह, इंद्र सिंह ने कहा कि सरकारें छोटी सी योजना के चलाने में नाकाम साबित हुई हैं। किसानों ने विभाग से योजना का काम पूरा करने की मांग उठाई है। किसान सभा के प्रधान रघुवीर सिंह पांजला ने कहा कि अगर काम जल्द पूरा नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे।