धर्मशाला। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हिमाचल प्रदेश के प्रबंध निदेशक पंकज राय ने कहा कि राज्य में अगस्त माह से खसरा-रूबैला के पूर्ण उन्मूलन के लिए व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रदेश में नौ महीने से 15 वर्ष तक के 20 लाख बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के तहत अकेले कांगड़ा जिले में ही करीब चार लाख बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा।
पंकज राय ने वीरवार को खसरा-रूबैला उन्मूलन अभियान को लेकर कांगड़ा जिला की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुलाई बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सहायक आयुक्त शशिपाल नेगी, जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. चित्रा, सभी खंड चिकित्सा अधिकरी एवं अन्य हित धारक उपस्थित थे। पंकज राय ने अभियान के सफल कार्यान्वयन को लेकर कांगड़ा में स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयार रणनीति पर चर्चा की और इस संदर्भ में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने अभियान की सफलता के लिए जन जागरूकता लाने पर बल दिया। उन्होंने स्कूलों में बच्चों को इस बारे शिक्षित करने पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के संवेदीकरण पर बल देने को कहा। उन्होंने कांगड़ा जिला में अभियान के तहत टीकाकरण करने वाले कर्मियों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित अन्य सभी हितधारकों के समुचित प्रशिक्षण एवं संवेदीकरण पर संतोष व्यक्त करते हुए समयबद्ध तैयारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग कांगड़ा की प्रशंसा की। बैठक में जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी ने अवगत करवाया कि कांगड़ा में इस विशेष मुहिम के सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी हितधारकों के संवेदीकरण के लिए व्यापक स्तर पर कार्यशालाएं एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए हैं। उन्होंने अभियान के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए जिला में सभी स्तरों पर किए गए प्रयासों एवं उठाए गए कदमों के बारे में अवगत करवाया।