नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने नगरोटा बगवां में आलू चिप्स पर आधारित सरकारी उद्योग स्थापित करने की घोषणा की। मंत्री ने कहा कि जिला कुल्लू और कांगड़ा में दो उद्योग लगाने को सरकार ने 10 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया है। मंत्री कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आतमा) जिला कांगड़ा के तत्वावधान में नगरोटा बगवां में आयोजित जिला स्तरीय किसान सम्मान समारोह मं बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश में जहरमुक्त खेतीबाड़ी को विकसित करने के लिए 25 करोड़ रुपये का बजट का प्रावधान किया है। शुरुआती चरण में विभाग ने 2400 के करीब किसानों को शून्य लागत खेती से जोड़ा गया है। इसमें अकेले जिला कांगड़ा के ही 600 किसान हैं। कार्यक्रम में नगरोटा बगवां के विधायक अरुण कुमार कूका, आतमा के जिला परियोजना निदेशक डॉ. विंता सूद, डॉ. राकेश कौंडल, डॉ. राजेश्वर चंदेल, डॉ. एनके वरधान, डॉ. एनके धीमान, डॉ. दिव्य कटोच, डॉ. यशपाल ठाकुर, डॉ. डीके वत्स, डॉ. अनिल महाजन, डॉ. अनिल मेहता और डॉ. अजय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
इन किसानों को मिलेगा सम्मान
समारोह में कृषि मंत्री ने 15 खंडों के कृषि, बागवानी, पशुपालन, रेशम और मत्स्य पालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 40 किसानों और पांच किसान समूहों को सम्मानित किया। इसमें खंड बैजनाथ से नरेश कुमार, गोबिंद सिंह और बलवीर सिंह, पंचरुखी से रूमालू देवी, वरुण चंद और जय सिंह, भवारना ब्लॉक से मोनिका राणा, वीना श्रीवास्तव और प्रवीण शर्मा, लंबागांव से पम्मा लाल और शेखर, भेडू महादेव से मेहर चंद, अश्वनी अवस्थी और रणवीर सिंह, नगरोटा बगवां से वीना देवी, बलवीर सिंह और अमर सिंह, कांगड़ा से रंजना देवी और होशियार सिंह, परागपुर से घनश्याम, विपन कुमार और रेणु बाला, देहरा से राजेंद्र सिंह, रणवीर सिंह और मदन लाल, नगरोटा सूरियां से कमल सिंह और नरेश कुमार, रैत से राजेश कुमार और राकेश कुमार, नूरपुर से विजय डोगरा, भूरि सिंह और रविंद्र सिंह, फतहपुर से पविंद्र सिंह, रमेश चंद और गुलजारी लाल, इंदौरा से सुरिंद्र कुमार, अशोक और बलवीर सिंह, धर्मशाला खंड से देवराज और शिव नंदन को 10-10 हजार की राशि के चैक देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 20-20 हजार रुपये से किसान समूहों में रैत ब्लॉक से आश्रम महिला कृषक सहायता समूह रजोल, भेडू महादेव खंड से सरस्वती महिला समूह डरोह, कांगड़ा खंड से नवदुर्गा सेल्फ हेल्प ग्रुप घुरकड़ी, भवारना खंड से चिन्मय शिव शक्ति महिला समूह घदोरल और नगरोटा बगवां खंड से समृद्वि स्वयं सहायता समूह मूंदला को सम्मानित किया।
---