सफाई के लिए नौ सेक्टरों में बांटा ज्वालाजी मंदिर परिसर
मंदिर न्यास ने तैयार किया नया प्लान, हर कर्मी की जिम्मेदारी तय
मंदिर में पहली बार अपनाए गए अनूठे प्लान से हो रहा सुधार
अमर उजाला ब्यूरो
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विश्वप्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में पहली बार मंदिर न्यास ने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नया प्लान तैयार किया है। पीक सीजन में मंदिर न्यास ने पहली बार यह अनूठा प्रयोग किया है।
जानकारी के मुताबिक मंदिर न्यास ने मंदिर परिसर में सफाई व्यवस्था को नौ सेक्टरों में बांटा है। अंग्रेजी के अल्फावेट ए से लेकर आई तक इन सेक्टरों में मंदिर न्यास के समस्त सफाई सेवादार 6 से 2 और 2 से 10 दो शिफ्टों में सफाई व्यवस्था देखेंगे। इसके लिए बाकायदा उनका रूट प्लान तैयार किया गया है और नौ सेक्टरों में अलग-अलग प्रत्येक कर्मी की सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी सुनिश्चित की गई है, ताकि जिस सेक्टर में सफाई व्यवस्था में कोई कमी पाई जाए, उस सेक्टर में तैनात सफाई सेवादार से जवाब मांगा जा सके। पहली बार अपनाए गए इस अनूठे प्लान को और ज्यादा कारगर बनाने के लिए समस्त सेक्टरों को जांचने के लिए रोजाना व्यवस्था भी की गई है। मंदिर के कनिष्ठ अभियंता सुरेश कुमार की देखरेख में समस्त सफाई व्यवस्था हो रही है। यह प्रयोग सफल माना जा रहा है, क्योंकि जब से इसे लागू किया गया है मंदिर में सफाई व्यवस्था में सुधार देखा जा रहा है। वहीं, शहरवासियों संदीप, रिपुदमन, अशोक, दिनेश, ऋचा, रितू आदि का कहना है कि मंदिर न्यास ने पहली बार मंदिर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जो मंदिर परिसर में सेक्टर व्यवस्था बनाई है। इससे सफाई व्यवस्था में सुधार देखा जा रहा है। यह एक अच्छी पहल है इसे निरंतर ही लागू करना चाहिए। मंदिर अधिकारी वेद प्रकाश अग्निहोत्री ने इस संदर्भ में बताया कि उन्होंने मंदिर परिसर में नौ सेक्टरों में सफाई व्यवस्था को बांट दिया है, ताकि जवाबदेही तय हो सके।