अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। कौशल विकास निगम के जिला कांगड़ा के समन्वयक सुधीर भाटिया ने बताया कि हुनर के सरताज की तलाश के लिए प्रदेश में हिमाचल कौशल प्रतियोगिता 2018 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में फैशन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र के प्रतिभागियों की प्रतिस्पर्धा निफ्ट कांगड़ा में करवाई गई। प्रतियोगिता में कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, मंडी और चंबा जिलों से आए 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने अपने हुनर व कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान ऊना की कोमल, द्वितीय स्थान कांगड़ा की सेलिना सिंह और तीसरा स्थान निफ्ट कांगड़ा की नमिता लाल ने प्राप्त किया।
प्रथम चरण में 9 कौशल क्षेत्रों के अंतर्गत प्रदेश की तीनों जोन के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। प्रथम चरण के विजेता प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर विजेता अपने हुनर का प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि अपने कौशल का बढ़िया प्रदर्शन करता है तो उसे वर्ष 2019 में विश्व कौशल प्रतियोगिता कजान, रूस में अपने कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर दिया जाएगा। प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को 10 हजार रुपये और उपविजेता को दो हजार रुपये पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए जाएंगे। राज्य स्तर पर विजेता 50 हजार रुपये तक जीत सकते हैं।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक निफ्ट दिनेेश कुमार, विनोद शर्मा, कमलजीत सिंह, लवदीप कौरख् आईटीआई हमीरपुर से सुमन ठाकुर, आईटीआई गढजमूला से वीना देवी, सौरभ चतुर्वेदी निफ्ट कांगड़ा मौजूद रहे।