बैजनाथ (कांगड़ा)। राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव बैजनाथ की पहली सांस्कृतिक संध्या में लोक गायक ठाकर दास राठी के नाम रही। राठी ने एक के बाद एक पहाड़ी नाटी पेश कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इससे पहले सांस्कृतिक संध्या का बैजनाथ के विधायक मुलख राज प्रेमी ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम विकास शुक्ला ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रदेश का नंबर एक अखबार ‘अमर उजाला’ मीडिया प्रयोजक की भूमिका निभा रहा है। ठाकुर दास राठी ने मंच पर आते ही गिनीज बुक में दर्ज प्राइड ऑफ कुल्लू का थीम सांग बेटी है अनमोल, सुषमा मेरी जानिए, हवा लागी चंडीगढ़ा री, नीरू चाली घुमदी, शालू रे क्वार्टरा, हो सुमित्रा और नीली-नीली आखिए काजलु जे लगाए आदि गीत गाकर समां बांध दिया। इसके अलावा लोक गायक करनैल राणा और ममता भारद्वाज ने भी दर्शकों को खूब नचाया। मंडी के मांडव कला मंच की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब पसंद किया। हास्य कलाकार प्रिंस गर्ग ने लोगों को लोटपोट कर दिया, वहीं ममता ठाकुर के कत्थक ने खूब वाहवाही लूटी। इस अवसर पर बैजनाथ भाजपा मंडल अध्यक्ष कर्ण जम्वाल, गोकुल ठाकुर, अजय राजपूत, संजय राणा, राकेश नेगी, आशुतोष छावड़ा, अनिल शर्मा, डॉ. विनोद गुलियानी, अमित आदि उपस्थित रहे।