अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। स्मार्ट सिटी धर्मशाला के कोतवाली बाजार में लगा हैंडपंप पिछले दो साल से खराब है। व्यापार मंडल और कारोबारियों की बार-बार शिकायतों के बावजूद आईपीएच विभाग हैंडपंप को ठीक करने की सुध नहीं ले रहा है। हैंडपंप खराब होने के कारण कारोबारियों को दूसरे स्थान से पानी लाना पड़ रहा है। व्यापार मंडल कोतवाली धर्मशाला के कोषाध्यक्ष अमित कुमार नरूला, पंकज कुमार, अंकज कुमार और राजेंद्र सिंह ने कहा कि आईपीएच विभाग से इस हैंडपंप को ठीक करने के लिए तीन बार शिकायत की, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं हो पाया है। उन्होंने आईपीएच विभाग से हैंडपंप को जल्द ठीक करने की गुहार लगाई है। आईपीएच विभाग धर्मशाला उपमंडल के सहायक अभियंता संदीप चौधरी ने कहा कि मामला ध्यान में है। जल्द ही शहर के सभी खराब हैंडपंप को ठीक करने का कार्य शुरू किया जाएगा।
बाक्स
सामुदायिक भवन के शौचालय की स्थिति भी दयनीय
नगर निगम धर्मशाला के सामुदायिक भवन के शौचालय की स्थिति दयनीय होने पर भी कोतवाली बाजार के कारोबारियों ने रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सामुदायिक भवन के शौचालयों की सफाई नहीं हो रही है। इस कारण वहां जाने वाले लोगों और कारोबारियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।