गगल (कांगड़ा)। स्थानीय पुलिस थाना ने पेट्रोलिंग के दौरान रविवार रात को पंजाब के दो युवकों से चिट्टा बरामद किया है। पुलिस टीम को देखकर युवक घबरा गए थे। संदेह होने पर युवकों की तलाशी ली गई। इस दौरान मौके पर पुलिस ने दोनों आरोपियों से 17.55 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपियों की पहचान करण (23) निवासी अमृतसर और गुरप्रीत सिंह (23) निवासी तरनतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस थाना गगल के प्रभारी उधम सिंह राजपूत ने बताया कि रविवार रात 10 बजे टीम पेट्रोलिंग के दौरान कनेड रोड पंचायत घर के पास पहुंची थी। इस दौरान तपोवन से झियोल की तरफ दो युवक पैदल ही जा रहे थे। दोनों युवक पुलिस को देखकर घबरा गए। साथ ही जंगल की तरफ भागने लगे और उन्होंने पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश की। पुलिस टीम ने दोनों युवकों को तुरंत रोक कर पूछताछ शुरू की, लेकिन देर रात क्षेत्र में पैदल घूमने के बारे में संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। युवकों की तलाशी ली तो उनसे 17.55 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक क्षेत्र में चिट्टा बेचने के लिए आए थे। क्षेत्र में किन-किन स्थानों और लोगों को यह चिट्टा बेचा जाना था, उसकी जांच जारी है।