धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला में वर्ष 2019-20 के लिए शराब के ठेकों की 18 यूनिटों को लक्की ड्रा के माध्यम से आवंटित करने के लिए रखा गया। इस दौरान 5 यूनिटें पौने करीब सात करोड़ में बिकीं, जबकि नीलामी के लिए बचीं शेष 13 यूनिटों को अब आगामी प्रक्रिया के लिए आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी विभाग शिमला को भेजा गया है।
यह आवंटन प्रक्रिया एडीएम कांगड़ा मस्तराम भारद्वाज व एईटीसी विनोद कुमार डोगरा की अध्यक्षता में हुई। डोगरा ने बताया कि शुक्रवार को 18 यूनिटों का आवंटन ड्रा के माध्यम से होना था। इस दौरान केवल मात्र 5 यूनिटों को ही लक्की ड्रा के माध्यम से 6,82,22,598 रुपये में आवंटित किया गया। उन्होंने बताया कि शेष बची 13 यूनिटों के आवंटन की प्रक्रिया आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी विभाग के दिशानिर्देशों के बाद होगी। उन्होंने बताया कि 86 यूनिटों को रिन्यू किया गया है, जिसके जरिये विभाग ने 130 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। वहीं इस आवंटन प्रक्रिया के दौरान जिला भर के शराब के कारोबारी उपस्थित रहे।
इन यूनिटों का होना था आवंटन
जानकारी के अनुसार 29 मार्च को मैक्लोडगंज, शीला चौक, शीला-मसरेड, रामनगर, तंगरोटी-पंजपुलियां, तियारा-गगल, राजोल-बंडी, सलोल-तियारा, बड़ोह-अरला, झिकली इच्छी-जमानाबाद, परागपुर, बंडी, सूरानी-बग्गी, डाढ झिकला, मैंझा, भवारना और बुहाना को शामिल किया गया था। इसके अलावा क्लबड एंड नैगोनेडिट यूनिट भी शामिल थी।