होमगार्ड से मारपीट मामले में चार से पूछताछ
बैजनाथ (कांगड़ा)। उतराला में विद्युत बोर्ड के विनबा प्रोजेक्ट में तैनात दो होम गार्ड जवानों के साथ मारपीट मामले में पुलिस ने चार लोगों को थाने में तलब कर पूछताछ की है। रविवार रात को साढ़े दस बजे के करीब कुछ शरारती लोगों ने प्रोजेक्ट की गुमटी को तोड़कर ड्यूटी पर तैनात दो होमगार्ड के जवानों के साथ मारपीट की थी। इसमें कृष्ण गंभीर रूप से घायल हुआ था, जबकि नरेंद्र को भी हल्की चोटें आईं थीं। कृष्ण की टांग में चोट के कारण उसका उपचार टांडा अस्पताल में चल रहा है। उधर, डीएसपी बैजनाथ प्रताप ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामले में शामिल चार लोगों ने पूछताछ की है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।