जोरावर में एक मंच पर आए चपरासी, क्लर्क और अधिकारी
कहा, मैं कर्मचारी हूं और कर्मचारियों के लिए ही काम करूंगा
हम न भाजपा, न कांग्रेस के समर्थक, सिर्फ सरकार के सताए कर्मी
विपिन चौधरी
धर्मशाला। पुरानी पेंशन की बहाली को जोरावर स्टेडियम में चपरासी, क्लर्क और अधिकारी एक ही मंच पर एकत्रित हुए। इस दौरान उन्होंने जहां सीनियर-जूनियर की खाई को मिटाया, वहीं सभी कर्मचारियों का एक ही मकसद था पुरानी पेंशन स्कीम की बहाली। विरोध-प्रदर्शन के दौरान महासंघ के प्रवक्ताओं ने कहा कि वे एक कर्मचारी हैं और कर्मचारियों के ही हितों की बात कर रहे हैं। कर्मचारी भाजपा, कांग्रेस और अन्य पार्टियों का समर्थक हो सकता है, लेकिन जोरावर स्टेडियम में सभी पुरानी पेंशन की बहाली के लिए इकट्ठे हुए हैं।
विधानसभा की ड्यूटी छोड़ समर्थन को पहुंचे कर्मचारी
पुरानी पेंशन की बहाली के लिए जहां प्रदेश भर से कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मी जुटे। वहीं, गले में बैच डाले कुछ ऐसे कर्मचारी भी दिखे, जो कि जोरावर स्टेडियम से करीब डेढ़-दो किलोमीटर दूर विधानसभा में ड्यूटी दे रहे थे। ऐसे कर्मचारी भी विधानसभा ड्यूटी से समय निकाल कर पुरानी पेंशन बहाली के लिए महासंघ को समर्थन देने पहुंचे थे।
गाड़ियों के लिए कम पड़ा जोरावर स्टेडियम
पुरानी पेंशन की बहाली को प्रदेश भर से इतने कर्मचारी अपनी निजी और किराये की गाड़ियों में पहुंचे हुए थे कि उनकी गाड़ियों को खड़ा करने के लिए जोरावर स्टेडियम कम पड़ गया। ऐसे में अधिकतर कर्मचारियों की गाड़ियों को जोरावर स्टेडियम तक पहुंचने ही नहीं दिया गया।