डंपिंग साइट फुल, अब सड़क पर लगाए जा रहे कूड़े के ढेर
धर्मशाला नगर निगम में कूड़ा-कचरा प्रबंधन के दावे हवा हवाई
शहर के 17 वार्डों की कूड़ा एक स्थान पर ठिकाने लगाने के कारण बिगड़ी स्थिति
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। स्मार्ट सिटी धर्मशाला में नगर निगम की डंपिगं साइट अब सड़क तक पहुंचने लगी है। डंपिंग साइट पूरी तरह भर जाने के बाद अब सड़क पर ही एमसी कूड़े के डेर लगाने का मजबूर है। नई डंपिंग साइट विकसित करने से पहले एमसी के लिए शहर का कूड़ा अब आफत बनता जा रहा है। सुधेड़ सड़क पर स्थित डंपिंग साइट के चारों ओर गंदगी ही गंदगी फैली है, जो एमसी धर्मशाला के ठोस कूड़ा-कचरा प्रबंधन के दावों की पोल खोल रही है। नगर परिषद से धर्मशाला को नगर निगम का दर्जा तो मिल गया है, लेकिन डंपिगं साइट नहीं बढ़ी है। पहले नगर परिषद के 13 वार्डों का कूड़ा इस डंपिगं साइट पर फेंका जाता था, लेकिन अब एमसी के 17 वार्डों का कूड़ा वहां गिर रहा है। इस कारण ढाई साल में ही डंपिगं साइट पूरी तरह भर गई है और अब एमसी के ट्रक डंपिंग साइट से मेन सड़क को आने वाले मार्ग पर ही कूड़ा फेंकने को मजबूर हैं।
नगर निगम धर्मशाला के अतिरिक्त आयुक्त सुखदेव सिंह ने कहा कि नई डंपिंग साइट के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जल्द सभी औपचारिकता पूरी करने के बाद नई डंपिंग साइट में कूड़ा फेंका जाएगा।
अभी फाइनल में नई डंपिंग साइट
नगर निगम धर्मशाला दो साल से नई डंपिंग साइट विकसित करने पर काम कर रही है, जो अभी सिर्फ फाइल तक ही सीमित है। हालांकि शहरी विकास विभाग दो-तीन शहरी निकायों के लिए एक ही कलस्टर डंपिंग साइट विकसित करने की योजना बना रहा है। जिसमें कांगड़ा, नगरोटा बगवां और धर्मशाला के लिए एक डंपिगं साइट बनाना प्रस्तावित है।