कांगड़ा के लोक नृत्य पर झूमे पर्यटक
‘फुहार’ कार्यक्रम में चार दिन तक होगा सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। पर्यटकों को कांगड़ा की संस्कृति बताने के लिए शहीद स्मारक परिसर में चार दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘फुहार’ वीरवार को शुरू हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एडीसी कांगड़ा केके सरोच ने किया। फुहार कार्यक्रम पर्यटन विभाग, होटल एसोसिएशन और लोक संपर्क विभाग के संयुक्त प्रयासों से शुरू किया गया है। पहले दिन विभिन्न नृत्य-नाट्य दलों की शानदार प्रस्तुतियों से सैकड़ों पर्यटक मस्ती में झूमे। इस मौके पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी मधु चौधरी भी मौजूद रहीं। वहीं, परिवार सहित धर्मशाला घूमने आईं कर्नाटक की मेघना कामथ, महाराष्ट्र के नितिन शिंदे, उत्तर प्रदेश के सुषमा और राजेश अग्रवाल, पंजाब के परमजीत सैनी व सतविंदर काहलों और ऑस्ट्रेलिया से यहां घूमने आए एनआरआई कर्ण सहित सैकड़ों पर्यटक नृत्य संगीत की ‘फुहार’ में भीगे नजर आए। इस मौके पर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्विनी बामा, महासचिव संजीव गांधी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।