अमर उजाला ब्यूरो
परागपुर(कांगड़ा)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने बालिका आश्रम गरली में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में उपायुक्त कांगड़ा संदीप कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने ज्योति प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जबकि एसडीएम धनवीर ठाकुर और महिला एवं बाल विकास विभाग जिला कार्यक्रम अधिकारी रणजीत सिंह ने मुख्य अतिथि को शॉल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान में सरकार प्रयासरत है और इन प्रयासों से अब समाज में बदलाव भी आ रहा है। वहीं, उपनिदेशक कृषि विभाग डॉ. सुरेश कपूर, उपनिदेशक पशुपालन डॉ. अजमेर सिंह डोगरा, उपनिदेशक बागवानी विभाग डॉ. डीआर वर्मा और स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. दीपिका, हेल्थ एजूकेटर अंजलि ने भी उपस्थित महिलाओं को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। बालिका आश्रम की बच्चियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किया। उपायुक्त ने आश्रम की बच्चियों को इनाम भी वितरित किए। इस मौके पर देहरा एसडीएम धनवीर ठाकुर, बीडीसी चेयरमैन शोभा रानी, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, उपेंद्र धीमान, जिला कार्यक्रम अधिकारी रणजीत सिंह, सीडीपीओ देहरा अश्वनी कुमार शर्मा, सीडीपीओ अनिल कुमार, सुशील शर्मा, बालिका आश्रम अधीक्षक निर्मला देवी मूहीं पंचायत प्रधान सुरजीत धीमान, पंचायतों की महिला प्रधानों के साथ बड़ी संख्या आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और महिलाएं उपस्थित रहीं।