अमर उजाला ब्यूरो
जवाली/ कांगड़ा। प्रदेश के पंचायतीराज विभाग का तकनीकी सहायक संघ अब नई यूनियन बनाएगा। प्रदेश तकनीकी सहायक की यूनियन का चुनाव 21 जनवरी को हमीरपुर में होगा। नई यूनियन के चुनावी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संघ के मुख्य संयोजक विजय शर्मा और प्रदेश महासचिव ओमप्रकाश राणा ने बताया कि चुनाव एनजीओ भवन हमीरपुर में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तकनीकी सहायक यूनियन की प्रदेश कमेटी को भंग कर दिया गया है। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर को समर्थन देने और 2001 में भाजपा सरकार में नियुक्त तकनीकी सहायकों को न्याय देने के लिए अब प्रदेश में एक बेहतर और मजबूत तकनीकी सहायक यूनियन का गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के नए अध्यक्ष के चुनाव तक मंडी जिला के राकेश गुप्ता कार्यवाहक अध्यक्ष होंगे।