राजा का तालाब (कांगड़ा)। हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ जिला कांगड़ा का प्रतिनिधिमंडल तपोवन में जिलाध्यक्ष नरेश कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिला। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल के साथ ज्वाली के विधायक अर्जुन ठाकुर विशेष रूप से शामिल रहे। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को नौ सूत्री मांग पत्र दिया। संघ की मांगों को मुख्यमंत्री ने ध्यानपूर्वक सुनकर इन्हें जल्द ही हल करने का आश्वासन दिया। संघ ने 2010 में अनुबंध पर तैनात पीजीटी कॉमर्स बिना बीएड को नियमित करने, पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल करने, 4-9-14 को लागू करने तथा 7-7-14 व 9-9-14 की वित्त विभाग की अधिसूचना निरस्त करने, अनुबंध पर नियमित हुए अध्यापकों की प्रथम नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता का लाभ देने, महात्मा गांधी मुफ्त वर्दी योजना के तहत बच्चों को सर्दी और गर्मी के मौसम की अलग-अलग वर्दी का प्रावधान करने, प्री-प्राइमरी क्लासों को वहीं भी पर चलाने, जहां पर पहले से ही लोगों के सहयोग से नर्सरी क्लासें चल रही हों आदि मुख्य मांगें शामिल रहीं। इस अवसर पर राज्य महासचिव नरेश महाजन और संजीव ठाकुर प्रधान हमीरपुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसी के साथ जिला कांगड़ा महिला विंग प्रधान रश्मि ठाकुर, महासचिव निर्मल सिंह, वित्त सचिव संतोष पराशर, खंड प्रधान सचिन, नरदेव, राकेश कुमार, सुमन, पुरी, इंद्र सिंह, अरुण पठानिया, देवराज डढवाल, बालकृष्ण, उपेंद्र शर्मा, सुखदेव सिंह घनश्याम सिंह, प्रमोद राणा, प्रकाश पठानिया, सुनील पराशर, प्रवीण शर्मा आदि शामिल रहे।