ज्वालामुखी (कांगड़ा)। इन दिनों सब्जियां जहां पूरे ही देश में महंगी हैं। इसका फायदा उठाकर ज्वालामुखी उपमंडल में फल और सब्जी बिक्रेता बिना रेट लिस्टें लगाए मनमाने दाम वसूल रहे हैं। इस कारण गृहणियों का बजट पूरी तरह से गड़बड़ा गया है।
ज्वालामुखी में टमाटर 80 रुपये और हरा मटर 120 रुपये प्रति किलो हो गया है। इस कारण हरी सब्जियां लोगों की रसोई से दूर होती जा रही हैं। बाजार में सब्जियों की दुकानों में प्याज 60, टमाटर 80, हरा मटर 120, गाजर 45, बंदगोभी 30 रुपये, खीरा 40, भिंडी 50, बीन 50, साग 30, पालक 30, घीया 30, लौकी 40 रुपये प्रतिकिलो बिक रही है। सबसे अधिक असर टमाटर, मटर और प्याज के दामों पर पड़ा है, इनके दाम एक माह में दोगुना हुए हैं। ज्वालामुखी की गृहिणियों लता देवी, उपासना देवी, शालू, नीलमा और अंजना देवी ने बताया कि फल सब्जी विक्रेता बिना रेट लिस्टें लगाए मनमाने दाम वसूलते हैं । उन्होंने कहा कि टमाटर और प्याज पहले के मुकाबले आधा ही खरीदना पड़ रहा है। यह धार्मिक स्थल है यहां पर श्रद्धालु भी आते हैं, इसलिए श्रद्धालु से भी तय दरें ही वसूलनी चाहिए। ताकि वह अच्छा संदेश लेकर जाएं। प्रशासन को चाहिए कि वो ऐसी व्यवस्था करे कि हरी सब्जियां हर घर मे सही दामो पर उपलब्ध हो सके।
बाक्स
रेट लिस्ट नहीं लगाई तो होगी कार्रवाई : एसडीएम
एसडीएम राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि हर सब्जी फल विक्रेता को रेट लिस्ट नियमानुसार लगाना अनिवार्य है। यदि नियमों को उल्लंघन किया जा रहा है तो कार्रवाई का भी प्रावधान है। इसलिए रेट लिस्ट लगाकर ही विक्रेता सामान बेचें और उपभोक्ताओं से तय रेट से ज्यादा न वसूलें।