खैरा (कांगड़ा)। जयसिंहपुर विधान सभा क्षेत्र के जालग, लध्धी, कुठेड़ा लाहट, सुआं आरुठ, सुआं, द्रमण लंघा सहित दर्जनों गांवों का संपर्क चारों ओर से कटा रहा। इन गांवों को जयसिंहपुर से जोड़ने वाली सभी सड़कें भारी बारिश के चलते जगह-जगह ल्हासे गिरने के कारण बुधवार को दूसरे दिन भी बंद रहीं, हालांकि कई जगहों पर प्रशासन काम तो शुरू कर दिया है पर अभी तक सड़कें नहीं खुल पाई हैं। वहीं कुछ स्थानों पर तो इस संबंध में अभी तक कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। जालग-द्रमण सड़क मार्ग पर इतना मलबा और चट्टानें गिरी थी कि एक दिन में जेसीबी मशीन भी सड़क को नहीं खोल पाई।
उधर, सुआं पंचायत को जाने वाले मुख्य पैदल मार्ग में डंगे गिर जाने से पूर्व प्रधान सिरमौर कटोच के घर को भी खतरा बना हुआ है। उधर, सूचना मिलने पर हल्का पटवारी सवीना ने मौके पर मुआयना कर रिपोर्ट दर्ज की।