कृषि विवि के डाकघर में हुए घोटाले की सीबीआई जांच शुरू
डाक विभाग ने अपनी जांच पूरी कर सीबीआई को सौंपा था मामला
2018 में एक कर्मचारी ने लोगों के डेढ़ करोड़ का किया था गमन
विनोद राणा
पालमपुर (कांगड़ा)। कृषि विवि पालमपुर में चल रहे पोस्ट ऑफिस कार्यालय में 2018 में हुए एक घोटाले की जांच अब सीबीआई ने शुरू कर दी है। आरोप है कि डाकघर में एक कर्मचारी ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये का घोटाला किया था। यह कर्मचारी लोगों की एफडी या अन्य पैसे जमा न करवाकर अपने पास रख लेता था, जिसका पता चलते ही विभाग ने उसे सस्पेंड कर दिया था। हालांकि, बाद में इस कर्मचारी ने करीब आधे से अधिक पैसे जमा भी करवा दिए थे। लोगों के पैसे
के साथ हुए घोटाले में विभाग ने इस कर्मचारी को सस्पेंड कर अपनी जांच बिठाई थी। विभाग ने अब अपनी जांच पूरी कर ली है। उसके बाद विभाग ने करीब एक डेढ़ हफ्ता पहले यह मामला सीबीआई को सौंप दिया था। यह कर्मचारी डाकखाने में आने वाले लोगों के पैसे को जमा न करवा कर अपने पास रख लेता था। जब लोग अपने पैसे निकालने या इसका हिसाब पूछने जाते थे तो कर्मचारी लोगों को कभी कंप्यूटर खराब तो कभी कई बहाने मार कर टाल देता था, लेकिन इसका पर्दाफाश तब हुआ, जब एक रिटायर हुए कर्मचारी ने इससे पूरे पैसे देने को कहा। मामले की जानकारी लगते ही डाक विभाग ने इस कर्मचारी को निष्कासित कर दिया था। उसके बाद विभाग ने अपनी जांच बिठा कर पूरी कर इस मामले को सीबीआई सौंप दिया। बताया गया है कि सीबीआई ने इसके खिलाफ अपनी जांच शुरू कर दी है।
कर्मचारी के खिलाफ चली है सीबीआई जांच : भगवान दास
पालमपुर मुख्य डाकघर के पोस्टमास्टर भगवान दास ने कहा कि उक्त कर्मचारी के खिलाफ सीबीआई जांच चली है। टीम मामले की जांच में लगी हुई है। घोटाले का पता चलने पर कर्मचारी को निष्कासित कर दिया गया था।