आपको भी आ रहे हैं फर्जी कॉल्स तो हो जाएं सावधान
सब हेड
लुभावने आफरों से ठगी का शिकार होने से बचाने के लिए पुलिस जनता को करेगी जागरूक
क्रासर
बढ़ते मामलों के चलते कांगड़ा पुलिस ने लिया फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। लोगों को फर्जी कॉल्स और लुभावने ऑफरों से ठगी का शिकार होने से बचाने के लिए कांगड़ा पुलिस अभियान छेड़ेगी। इसके अलावा स्कूलों व कॉलेजों के आसपास स्थित खोखों और ढाबों की नियमित चेकिंग करने के अलावा नशीले पदार्थ बेचने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा। यह फैसले मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुई बैठक के दौरान लिए गए।
एसएसपी संतोष पटियाल, एएसपी बद्री सिंह, एएसपी दिनेश कुमार और जिला भर के डीएसपी और थाना प्रभारी इस बैठक में मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों को नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान में और गति लाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जिला भर में फेक कॉल्स और अन्य लुभावने आफरों से ठगे जा रहे लोगों को बचाने के लिए भी विशेष अभियान छेड़ने का फैसला बैठक में लिया गया है। पुलिस लोगों को फर्जी कॉल्स तथा किसी भी अंजान नंबर से कॉल आने पर अपनी एटीएम सहित अन्य गोपनीय जानकारियां साझा न करने के बारे में जागरूक करेगी।
इसके अलावा महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर लगाम लगाने के निर्देश भी पुलिस अधिकारियों को दिए गए। सड़क हादसों को कम करने के लिए रणनीति के तहत कार्य करने के लिए कहा गया। शराब पीकर वाहन दौड़ाने वालों के लिए विशेष अभियान शुरू करने की बात कही गई, जिसमें लोगों को जागरूक किया जाएगा। बैठक में चोरी की घटनाओं को कम करने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने की बात भी कही गई।