कबड्डी में मंदल और खनियारा ने मारी बाजी
मंदल में चार सौ खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
जोन स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। शिक्षा खंड धर्मशाला की प्राथमिक स्कूलों की खेलकूद प्रतियोगिता राजकीय आदर्श केंद्र पाठशाला मंदल में शुरू हुई। शुभारंभ अवसर पर उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा कांगड़ा दीपक किनायत ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता में खंड शिक्षा अधिकारी धर्मशाला सुरेश शर्मा और खंड स्रोत समन्वयक संजय चौधरी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। आयोजक सचिव एवं स्थानीय केंद्रीय मुख्य शिक्षक जोगिंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में खंड के छह जोन से 92 स्कूलों के चार सौ खिलाड़ी बच्चे भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए करीब पचास अध्यापक तैनात किए गए हैं। इसमें लड़के और लड़कियों की खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन, वॉलीबाल, एथलेटिक्स 50,100, 200 और 1500 मीटर की दौड़, लंबी और ऊंची कूद सहित सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धाएं होंगी। पहले दिन के मुकाबलों में लड़कों की कबड्डी में मंदल जोन, लड़कियों में खनियारा, लड़कों की खो-खो में कंद्रेड़, लड़कियों में मंदल, लड़कों की बैडमिंटन में मंदल और लड़कियों में खनियारा ने जीत हासिल करके फाइनल में प्रवेश किया है। समापन समारोह में 13 सितंबर को खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेताओं को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ से मुख्य सलाहकार सुशील गुप्ता, चीफ पैटर्न सुदर्शन चड्ढा, प्रेस सचिव सुमित सूद, संयुक्त सचिव विनय चंदेल, कार्यालय सचिव मोहिंद्र भारद्वाज, सदस्य पवन, व्योम बलराम, हरि राम, बलवीर, मदन लाल, वीरेंद्र पाधा और एसएमसी अध्यक्ष उत्तम चंद डोगरा आदि मौजूद रहे।