शिक्षण संस्थान में छात्रों ने किया हंगामा
प्रिंसिपल पर लगाए लड़कियों से छेड़छाड़ के आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिला मुख्यालय के साथ लगते एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में बुधवार को छात्रों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान छात्रों ने जहां संस्थान के प्रिंसिपल पर छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप जड़े, वहीं प्रिंसिपल पर शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत छात्राओं पर बुरी नीयत रखने के भी आरोप लगाए। बताया जा रहा है कि इस दौरान प्रिंसिपल और छात्राओं के बीच हुई बात की रिकार्डिंग भी खूब वायरल हुई। हंगामा इतना बढ़ गया कि इसे शांत करवाने के लिए सदर थाना धर्मशाला से पुलिस को बुलाना पड़ा। उसके बाद ही यह मामला शांत हुआ। वहीं बाद में जिन छात्राओं पर प्रिंसिपल से बात करने के आरोप लगे थे, उन्होंने इन आरोपों को सिरे से नकार दिया। इस पर भले ही पुलिस ने शिक्षण संस्थान का दौरा किया, लेकिन इस संदर्भ में कोई भी मामला दर्ज नहीं हुआ है।