चार जोन में बंटेगी स्मार्ट सिटी धर्मशाला
एमसी ने डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन के लिए बनाया खाका
चार ठेकेदारों को दिया जाएगा कूड़ा उठाने का काम
टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू होगी नई योजना
हरीश चंद्र
धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला ने घर-घर से कूड़ा उठाने की योजना लागू करने के लिए खाका तैयार कर लिया है। स्मार्ट सिटी के 17 वार्डों को चार जोन में बांटा जाएगा। चार जोन में कूड़ा उठाने का ठेका अलग-अलग ठेकेदारों को टेंडर के माध्यम से दिया जाएगा। इसके लिए आम सभा में सफाई का काम ठेके पर देने का प्रस्ताव पारित कर टेंडर निकाले जाएंगे। नगर निगम धर्मशाला ने पहले भी कुछ वार्डों में इस योजना को शुरू किया था, लेकिन लोगों का सही रुझान न मिलने के कारण और सफाई कर्मचारियों के अभाव के चलते योजना सफल नहीं हो पाई। अब नगर निगम ने इस योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने की योजना बनाई है। अब एमसी के सभी 17 वार्डों के घरों से कूड़ा उठाया जाएगा।
जोन नंबर एक में वार्ड नंबर एक से तीन तक, जोन दो में वार्ड नंबर चार से आठ तक, जोन तीन में वार्ड नौ से 12 और जोन चार में वार्ड 13 से 17 को शामिल किया गया है। एमसी धर्मशाला के हर परिवार को महीने में एक बार कूड़ा उठाने का शुल्क भी देना होगा। अभी तक एमसी ने शुल्क तय नहीं किया है कि आवासीय घर, दुकान, मॉल, सरकारी कार्यालय से महीने में कितना शुल्क वसूल किया जाएगा।
इनको पहली बार देना होगा शुल्क
धर्मशाला उपमंडल की जटेहड़, सकोह, मंत, बड़ोल, खनियारा, दाड़ी, झिकड़ी दाड़ी, सिद्घपुर और सिद्घवाड़ी पंचायतों को नगर निगम में जोड़ा गया है। अब यहां के लोगों को पहली बार कूड़ा उठाने के पैसे देने पड़ेंगे।
अलग-अलग दिया जाएगा ठेका
नगर निगम धर्मशाला के अतिरिक्त आयुक्त सुखदेव सिंह ने कहा कि मई महीने से डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन स्कीम को लागू करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए सभी वार्डों को चार जोन में बांटा गया है। ठेका अलग-अलग ठेकेदार को दिया जाएगा।