परागपुर (कांगड़ा)। नैहरनपुखर से वाया कलोहा होकर लंबे रूटों की बसें न चलाने पर अब क्षेत्र के लोगों में रोष पनप रहा है। लोगों ने उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर से इस मामले में हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है। क्षेत्र के अजय ठाकुर, शिव कुमार, सुरेंद्र कुमार, अजय कुमार, सौरभ, विजय, राकेश, विनय, गोबिंद, जितेंद्र आदि ने कहा है कि अगर नैहरनपुखर से वाया कलोहा होकर बसें चलाई जाती हैं तो इससे क्षेत्र के लोगों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि नैहरनपुखर से लेकर कलोहा तक के तहत आने वाले लोगों को इस सड़क पर लंबे रूट की बस सेवा न होने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जबकि विधायक से लेकर मंत्री और आला अधिकारी दिल्ली एवं चंडीगढ़ जाने के लिए वाया परागपुर होकर सफर करना आरामदायक एवं अच्छा मानते हैं। बावजूद इसके न ही दिन में और न ही रात को एचआरटीसी तथा अन्य राज्यों के परिवहन विभाग की बसें वाया परागपुर जाती हैं। उन्होंने कहा कि वाया परागपुर चंडीगढ़, दिल्ली, शिमला, जालंधर को जाने वाली बसों का रूट तय किया जा सकता है।