कांगड़ा। ग्राम पंचायत अब्दुल्लापुर के बाजार की पुली बंद होने से लोग लंबे समय से परेशानियां झेल रहे हैं। गांववासियों का कहना है कि रोज स्कूली बच्चे पुली बंद होने से सड़क पर बह रहे पानी से भीग रहे हैं। आए दिन दोपहिया चालक यहां गिर रहे हैं, लेकिन विभाग लापरवाह रवैया अपनाए हुए है। गांव के उपप्रधान श्याम वर्मा ने कहा कि लोनिवि की लापरवाही का खामियाजा गांव के लोग भुगत रहे हैं। स्कूली बच्चे इस मार्ग पर चलने में असमर्थ हैं, लेकिन मजबूर होकर उनकी वर्दियां रोज खराब हो जाती हैं। वर्मा ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार वह लोनिवि कार्यालय में गए लेकिन विभाग का नकारात्मक रवैया उनकी समझ से परे है। गांव की समस्या को लेकर एक प्रतिनिधि के तौर पर उन्होंने इस समस्या को हल करवाने के लिए कई बार विभाग से संपर्क किया, बाबजूद इसके पुली का काम शुरू नहीं किया जा रहा है। वहीं ग्रामीण राजेश कुमार, कमल कुमार, अशोक कुमार, मदन वर्मा, मीना कुमारी, अनिल कुमार, नरेश सोनी आदि ने कहा कि लोनिवि को इस समस्या का समाधान जल्द करना चाहिए।