अमर उजाला ब्यूरो
चामुंडा (कांगड़ा)। सोमवार को चामुंडा मंदिर में 25 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाकर नए साल की शुरुआत की। नए साल के पहले दिन मंदिर में श्रद्धालुओं का सुबह से ही तांता लगा रहा। मंदिर में दर्शन के लिए सुबह ही लाइनें लगना शुरू हो गईं, जो देर सायं तक जारी रहीं।
श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के द्वार सोमवार को सुबह चार बजे खोल दिए गए थे। पिछले दिनों की अपेक्षा इस दिन रिकॉर्ड भीड़ मंदिर में उमड़ी। शरदकालीन नवरात्रों के बाद मंदिर में कम संख्या में श्रद्धालुओं के आने से व्यापारियों के चेहरों पर मायूसी छाई थी, लेकिन नव वर्ष के पहले दिन मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन व्यापारियों के चेहरों पर रौनक लेकर आया। मंदिर में दिल्ली से आई दुर्गा मंडली ने मां की भेंटें गाकर वातावरण को भक्तिमय कर दिया।
अमृतसर से आए अक्षत, अभिनव एंड पार्टी ने आतिशबाजी कर नए साल का स्वागत किया। दिल्ली से आए भक्तों ने मंदिर को गुब्बारों और रंग बिरंगी लड़ियों से चकाचौंध कर नए साल का आगाज किया। मंदिर अधिकारी गिरजेश चौहान ने बताया कि नववर्ष के पहले दिन करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने मंदिर में शीश नवाया है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध किए थे।