ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में शुक्रवार को चौथे नवरात्र पर माता कुष्मांडा के रूप में मां ज्वाला का पूजन किया जा रहा है। शुक्रवार को हरियाणा और यूपी से पहुंचे हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने कतारों में लगकर मां ज्वाला माता के दर्शन किए। मुख्य मंदिर मार्ग पर सुबह ही लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह पांच बजे मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए थे। पुजारी और पूर्व न्यास सदस्य सौरभ शर्मा ने बताया कि आज चौथे नवरात्र पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। यूपी और हरियाणा के श्रद्धालु सुबह से ही कतारों में दर्शन कर रहे हैं। मंदिर प्रशासन की तरफ से सभी इंतजाम श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को माता कुष्मांडा का पूजन किया जा रहा है। मान्यता है कि माता कुष्मांडा अपने भक्तों के सभी कष्टों को दूर करती हैं और सभी प्रकार की मनोकामनाओं को पूर्ण करती हैं। ज्वालामुखी मंदिर अधिकारी एवं तहसीलदार मनोहर लाल शर्मा ने बताया कि शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में तीसरे नवरात्र पर भक्तों ने 7, 72, 339 रुपये की नकदी भेंट की। इसके साथ विदेशी मुद्रा में 100 डॉलर भी प्राप्त हुए। शुक्रवार को चौथे नवरात्र पर भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। शुक्रवार शाम तक लगभग 14 हजार श्रद्धालुओं ने माता ज्वाला के दरबार में हाजिरी भरी।