सकोह बटालियन ने संभाली
मैक्लोडगंज की सुरक्षा व्यवस्था
पर्यटन सीजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने की तैनाती
ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर सुरक्षा-व्यवस्था भी संभालेगी
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में रविवार को द्वितीय भारतीय रिजर्व वाहिनी सकोह ने मोर्चा संभाल लिया है। सकोह बटालियन के करीब 30 जवान इस दौरान पर्यटन नगरी में ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर सुरक्षा-व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे।
लोकसभा चुनावों का शोर थमते ही पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में बढ़ रहे पर्यटकों की सुरक्षा-व्यवस्था के लिए कांगड़ा पुलिस ने व्यवस्था शुरू कर दी है। इसी कड़ी में रविवार को द्वितीय भारतीय रिजर्व वाहिनी सकोह के करीब 30 पुलिस जवानों ने मैक्लोडगंज में मोर्चा संभाल लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांगड़ा दिनेश शर्मा ने बताया कि पर्यटन नगरी में तैनात जवान हर मोड़ और चौक पर तैनात रहेंगे। इस दौरान वे ट्रैफिक व्यवस्था का जिम्मा संभालने के साथ-साथ हुड़दंग मचाने वाले पर्यटकों पर भी नजर रखेंगे। उन्होंने बताया कि बटालियन के इन जवानों को पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज सहित भागसूनाग और अन्य पर्यटक स्थलों पर तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि यह बटालियन पूरे पर्यटन सीजन में अपनी सेवाएं देगी।