कांगड़ा जिले में भी 108 और 102 एंबुलेंस सेवा ठप
कर्मचारियों की हड़ताल से चरमराई सेवाएं, मरीज परेशान
मरीज निजी वाहनों को किराये की एंबुलेंस से पहुंचे अस्पताल
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। सूबे के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में भी बुधवार देर शाम से 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी है। चंबा, सिरमौर, शिमला और सोलन के बाद कांगड़ा में भी वीरवार को 108 और 102 एंबुलेंस सेवा बंद रही। इस कारण मरीजों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कई निजी वाहनों और कई निजी एंबुलेंसों के माध्यम से अस्पताल पहुंचे। वहीं, दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग ने जीवीके ईएमआरआई कंपनी के कर्मचारियों की हड़ताल के चलते वैकल्पिक व्यवस्था कर दी है। कांगड़ा जिला में वर्तमान समय में 108 एंबुलेंस 25 और 102 एंबुलेंस 21 हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इस एंबुलेंस को चलाने के लिए 17 सरकारी चालकों को जिम्मा सौंपा दिया है, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की दिक्कत न उठानी पड़े। इसके अलावा जिला भर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की सभी 25 गाड़ियों और स्टाफ को भी मरीजों की सहायता के लिए तैनात कर दिया है। सरकारी अस्पताल में तैनात एंबुलेंस सेवाओं को भी सतर्क रहने की हिदायत दी है। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएस राणा ने कहा कि कर्मचारियों की हड़ताल के चलते वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। विभाग के 17 चालकों और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की गाड़ियों को भी लोगों की सुविधा के लिए तैनात कर दिया है।