शहीद स्मारक में झमाकड़ा पर झूमे पर्यटक
सांस्कृतिक शृंखला ‘फुहार’ के दूसरे दिन कलाकारों ने बांधा समा
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। धर्मशाला के शहीद स्मारक परिसर में वीरवार से आरंभ हुई सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला ‘फुहार’ का पर्यटक खूब आनंद उठा रहे हैं। इस कड़ी में दूसरे दिन सूचना एवं जन संपर्क विभाग के कलाकारों सहित विभिन्न नृत्य-नाट्य दलों ने कांगड़ा जिला का प्रसिद्ध गद्दी नृत्य, झमाकड़ा, गोरखाली नृत्य और शहनाई वादन की प्रस्तुति से समा बांधा। सांस्कृतिक फुहार से मंत्रमुग्ध सैकड़ों पर्यटक आनंद विभोर हो घंटों मस्ती में झूमते रहे। धर्मशाला क्षेत्र में सांस्कृृतिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग कांगड़ा ने जिला प्रशासन और सूचना एवं जनसंपर्क और कला संस्कृति विभाग और होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन अप्पर धर्मशाला के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया है। प्रथम चरण में सात से 10 जून तक हर सायं शहीद स्मारक परिसर में साढ़े पांच से साढ़े सात बजे तक यह कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। परिवार सहित धर्मशाला घूमने आए पर्यटकों ने कहा कि इससे उन्हें हिमाचल की संस्कृति को जानने का अवसर मिला है, जो अपने आप में अविस्मरणीय है। कार्यक्रम में पर्यटन विभाग एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारी, होटल एसोसिएशन के पदाधिकरियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में देशभर के अलग अलग कोनों से आए पर्यटक एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।