ओवरलोडिंग पर दो स्कूलों की चार बसों के चालान
नायब तहसीलदार देसराज की अगुवाई में पुलिस टीम ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
नूरपुर (कांगड़ा)। स्थानीय प्रशासन ने ओवरलोडिंग करने वाले स्कूली वाहनों पर शिकंजा कसते हुए शुक्रवार को चार स्कूल बसों के चालान काटे। एसडीएम नूरपुर के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार देसराज की अगुवाई में पुलिस टीम ने दो निजी शिक्षण संस्थानों की चार बसों के चालान काटे। एसडीएम नूरपुर आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि प्रशासन को कुछ अभिभावकों की तरफ से स्कूली बसों में ओवरलोडिंग होने की शिकायतें मिली थी। एसडीएम ने बताया कि जिन दो स्कूलों की बसों के चालान काटे गए हैं, उनमें क्षमता से ज्यादा बच्चों को बिठाया गया था। साथ ही इन स्कूलों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है और भविष्य में नियमों की उल्लंघना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।