अमर उजाला ब्यूरो
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विश्वप्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में शनिवार को उपायुक्त बनने के बाद पहली बार पहुंचे जिलाधीश कांगड़ा संदीप कुमार ने अपनी इच्छा को जाहिर करते हुए विश्व मानचित्र पर धार्मिक पर्यटन को उभारने के संकेत दिए।
उपायुक्त ने मां ज्वाला के दरबार में विधिवत पूजा अर्चना कर मंदिर न्यास के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। मातृ सदन, संगीतमय फव्वारा, भैरव मंदिर, तारा देवी मंदिर और संस्कृत महाविद्यालय का भी निरीक्षण किया।
डीसी ने एशियन डेवलपमेंट बैंक की ओर से शुरू किए गए विकास कार्यों की साइटों पर भी एडीबी के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। वहीं, मंदिर न्यास की तैयार रिपोर्ट को भी उन्होंने बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं, मंदिर न्यास में ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया को भी जल्द अपनाने और मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं में इजाफा करने के निर्देश दिए। मंदिर में हर कार्य को चरणबद्ध तरीके से सुनियोजित तरीके से पूरा किया जाएगा। एसडीएम राकेश शर्मा ने उपायुक्त को मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और श्रद्धालुओं को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर विधायक रमेश ध्वाला, एडीएम कांगड़ा मस्तराम भारद्वाज, पर्यटन विभाग उपनिदेशक कांगड़ा मधु चौधरी, तहसीलदार वेद प्रकाश, सहायक मंदिर अधिकारी अमित गुलेरी, एसडीओ मंदिर शमशेर सिंह ठाकुर, कनिष्ठ अभियंता सुरेश कुमार, वरिष्ठ लिपिक देशराज, सुनीता देवी, बलदेव, वरिष्ठ सहायक मनोहर लाल, अशोक कुमार, प्रबंधक संजय डोगरा, हैप्पी, देवराज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।