नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की करीब 150 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न उठाऊ सिंचाई, पेयजल और सीवरेज योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
उन्होंने नगरोटा बगवां बस अड्डे से 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और नगरोटा बगवां से बड़ोह तक बस में यात्रा भी की। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली भी उनके साथ उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने अपने एकदिवसीय प्रवास के दौरान सबसे पहले बलधर और सिंहुंड में 6.35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बलधर एवं सिंहुंड चरण-एक और सिंहुंड चरण-दो उठाऊ सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं से 135 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
इसके बाद उन्होंने पठियार में एनडीबी के अंतर्गत 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मस्सल पेयजल योजना का उद्घाटन किया। इस योजना से आठ पंचायतों अंबाडी, चाड़ी, लाखामंडल, मंजीती उपरली, मलां, मस्सल, मुहालखड़ और पठियार के 40 गांवों की 20 हजार से अधिक आबादी लाभान्वित होगी।
योजना के अंतर्गत 133 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। उन्होंने कीरचंबा में ग्राम पंचायत ठारू, कबाड़ी, हटवास, कीरचंबा और सुनेहड़ के लिए 76 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सीवरेज योजना का शिलान्यास किया।
बड़ोह में उप मुख्यमंत्री ने एडीबी के अंतर्गत पुरानी पेयजल योजनाओं मालनू, नेरा ठंबा, बड़ोह, बुस्सल-2 और टोरू के सुधार एवं पुनर्निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इस कार्य पर 35 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। योजना को पूरा करने की समयसीमा 30 नवंबर निर्धारित की गई है।
इस बीच उप मुख्यमंत्री ने बलधर, सिंहुंड, पठियार, कीरचंबा, नगरोटा बगवां और बड़ोह में आयोजित जनसभाओं में कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर रही है।
पेयजल, सिंचाई और सार्वजनिक परिवहन जैसी सुविधाएं सीधे तौर पर आम लोगों के जीवन से जुड़ी हैं। इन क्षेत्रों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
नगरोटा बगवां के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, पूर्व विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता सुरेंद्र काकू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मान सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।