नूरपुर (कांगड़ा)। ऑल हिमाचल पीडब्ल्यूडी-जल शक्ति विभाग एंड कॉन्ट्रैक्चुअल वर्कर्स यूनियन का प्रतिनिधिमंडल कार्यकारी अध्यक्ष संजय सैनी की अध्यक्षता में जल शक्ति विभाग नूरपुर के अधीक्षण अभियंता संजय ठाकुर से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों से जुड़ा 15 सूत्री मांग पत्र सौंपते हुए विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। अधीक्षण अभियंता ने यूनियन की अधिकांश मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए विभाग के तहत आने वाले पांचों मंडलों के अधिशासी अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने कहा कि पहले चरण में प्रत्येक मंडल के 15-15 पंप हाउसों का चयन कर उनकी साफ-सफाई, रंग-रोगन, विद्युत वायरिंग, फर्नीचर, पंप मोटरों और अन्य आवश्यक मरम्मत कार्य कर उन्हें पूरी तरह व्यवस्थित किया जाएगा। इसके बाद नियमित कार्ययोजना के तहत सभी पंप हाउसों का रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में कर्मचारियों की पदोन्नति, वरिष्ठता सूची को अंतिम रूप देने, फील्ड कर्मचारियों को साप्ताहिक एवं राजपत्रित अवकाश उपलब्ध कराने, फील्ड कर्मचारियों से फील्ड में ही कार्य लेने के विषयों पर चर्चा हुई। इसके अलावा पंप हाउसों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित एरियर एवं चिकित्सा बिलों का भुगतान, बेलदार, पैरा फिटर एवं पैरा पंप ऑपरेटरों को समय पर वेतन जारी करने, तकनीशियनों एवं बेलदारों की नियमों के अनुसार पदोन्नति, फील्ड कर्मचारियों को टूल किट और रेनकोट उपलब्ध कराने, पेंशन मामलों का समयबद्ध निपटारा और जल रक्षकों के लंबित वेतन सहित अन्य मांगों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
अधीक्षण अभियंता ने आश्वासन दिया कि विभागीय स्तर पर संभव सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा और जिन मामलों में उच्च स्तर की स्वीकृति आवश्यक होगी, उन्हें सरकार के समक्ष भेजा जाएगा। यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष संजय सैनी ने अधीक्षण अभियंता के त्वरित निर्णयों का स्वागत करते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा। इस अवसर पर यूनियन की ओर से राज्य संगठन सचिव प्रेम लाल भाटिया, करनैल सिंह, विनोद चौधरी, अशोक छिब, रामेश्वर, केवल, मदन सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।