राजपुर पंचायत में नहीं होगा कोई बीपीएल परिवार
पंचायत की ग्राम सभा में लोगों ने सर्व सहमति से लिया फैसला
बीडीओ ने किया पंचायत के फैसले का स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
मारंडा/राजपुर(कांगड़ा)। उपमंडल पालमपुर की राजपुर पंचायत अब सबसे अमीर पंचायत होगी। इस पंचायत में अब बीपीएल सूची में कोई परिवार नहीं होगा। पंचायत के सभी सदस्यों ने यह फैसला ले लिया है। रविवार को बीपीएल सूची को लेकर हुए पंचायत के कोरम में लोगों ने एक बड़ा कदम उठाते हुए साफ कह दिया कि उन्हें पंचायत में कोई बीपीएल परिवार नहीं चाहिए। पंचायत के सभी सदस्यों ने प्रधान किरण धीमान की अध्यक्षता में मिल कर यह फैसला लिया है। इसमें अब शायद, राजपुर प्रदेश में पहली पंचायत होगी। पंचायत में 92 परिवार बीपीएल में होने के बाद अब सर्वे में सिर्फ 18 ही परिवार बीपीएल के योग्य पाए गए। रविवार को जब बीपीएल को लेकर कोरम बुलाया गया तो पंचायत के सभी लोगों ने सर्व सहमति से फैसला लिया कि पंचायत में अब कोई परिवार बीपीएल में नहीं होगा। इस पर सभी पंचायत वासियों ने फैसले पर स्वागत किया। निर्णय से सहमत हुए और इस खुशी जाहिर की। कोरम में पंचायत प्रधान किरण धीमान, उप प्रधान राजू, पंचायत सचिव अमित डोगरा, पर्यवेक्षक जयंत शर्मा, पंचायत निवासी संजय वालिया, सुरेश कपूर, मुकेश कुमार, सुभाष चंद, तिलक राज, रसना देवी, सरोज कुमारी, विनता देवी देवी समस्त पंचायत सदस्य और निवासी शामिल रहे। उधर, बीडीओ पंचरुखी विवेक चौहान ने कहा कि राजपुर पंचायत पंचरुखी ब्लॉक में पहली बीपीएल मुक्त पंचायत होगी। उन्होंने लोगों के इस फैसले का स्वागत किया है।
---