अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शनिवार को मैट्रिक की फाइनेंशियल लिटरेसी, जबकि जमा दो की अर्थशास्त्र की परीक्षा ली। शनिवार को स्कूल शिक्षा बोर्ड के विशेष उड़नदस्ते ने परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरा चेक किए।
बोर्ड की लोक संपर्क अधिकारी अंजू पाठक के नेतृत्व में गठित उड़नदस्ते ने ऊना के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इसमें उन्होंने रावमापा अंब, गुरुकुल, रावमापा चौकी मिनार और डीएवी स्कूल ऊना के परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरा चेक किए। स्कूल शिक्षा बोर्ड को लंबे समय से परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी से छेड़छाड़ की शिकायतें मिल रही हैं। इन शिकायतों के आधार पर अब स्कूल शिक्षा बोर्ड के उड़नदस्ते न केवल परीक्षा केंद्रों में नकल रोकने पर ध्यान दे रहे हैं, बल्कि परीक्षा केंद्रों में स्थापित किए गए सीसीटीवी कैमरों को भी चेक किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा बोर्ड लोक संपर्क अधिकारी अंजू पाठक ने बताया कि शनिवार को परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरा चैक किए गए हैं। इसके अलावा बोर्ड को दूरभाष से मिली जानकारी के अनुसार कांगड़ा जिला में सर्वाधिक नकल के मामले शनिवार को पकड़े गए हैं। कांगड़ा के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में 13, ऊना, सिरमौर और मंडी में दो-दो नकल के मामले सामने आए हैं।