नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नगरोटा बगवां में हुई रैली के दौरान उनकी आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा उत्तर प्रदेश पुलिस ने संभाले रखा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर यूपी पुलिस के डीआईजी राजेश डी. मोदक की अगुवाई में डीएसपी एसएस नेगी, तीन पुलिस इंस्पेक्टरों और कमांडो दस्ते ने रविवार को ही नगरोटा में सभा स्थल की निगरानी आरंभ कर दी थी। जनसभा से पहले ही यूपी पुलिस ने मंच को अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया था। मंच पर मंडल भाजपा की ओर से यूपी पुलिस को मुहैया करवाई स्थानीय नेताओं की सूची के अलावा किसी अन्य को नहीं जाने दिया गया। उधर, हिमाचल पुलिस ने सभा स्थल पर बाहरी सुरक्षा व्यवस्था के अलावा भीड़ को व्यवस्थित करने में भूमिका निभाई। नजदीकी पुलिस थानों के अलावा सभा स्थल पर हिमाचल पुलिस की पांचवीं आईआरबी के पुरुष और महिला जवानों को तैनात किया गया था। इस दौरान कांगड़ा तथा पालमपुर के डीएसपी भी मौजूद रहे।