परागपुर(कांगड़ा)। परागपुर ब्लॉक की कलोहा पंचायत में एनएच 03 पर स्थित त्रिमुखी चौक पर एक ट्रक सुबह साढ़े छह बजे मोड़ काटते समय दो खोखों को क्षतिग्रस्त करते हुए 15 फुट नीचे खड्ड में लुढ़क गया। प्रत्यक्षदर्शियों अनुसार यह ट्रक अंब की ओर से देहरा की तरफ जा रहा था, जिसमें शीशा लदा हुआ था। ट्रक ने जैसे ही बाईं ओर मोड़ काटा तो यह दायीं ओर बने सब्जी और कुलचे वाले के खोखे को अपनी चपेट में लेते हुए खड्ड में उलटा होकर जा गिरा। हादसे के समय दोनों दुकानदार अशोक और अमित अपने खोखों में बैठे हुए थे। हादसे में दुकानदार अशोक को थोड़ी चोटें आई हैं, जिसे 108 एंबुलेंस के माध्यम से देहरा अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि दूसरा दुकानदार अमित, चालक एवं परिचालक तीनों सकुशल हैं। इन खोखों के गिरने से साथ लगती चाय और कन्फेक्शरी की दो दुकानों का भी गिरने का खतरा बन गया है। इस संबंध में रक्कड़ थाना के प्रभारी सुरिंद्र कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और ट्रक डैमेज हो चुका है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।