शाहपुर (कांगड़ा )। बेटी पैदा होने पर ससुराल में दी जा रही यातनाओं से आहत महिला ने अपने ससुराल के सदस्यों के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज करवाया है। एसएचओ प्रताप सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। तहसील ज्वाली की ग्राम पंचायत ठेहड़ निवासी महिला के चाचा शाहपुर के सारनू के रहने वाले दर्शन कुमार ने कहा कि उनकी भतीजी की करीब डेढ़ वर्ष पहले शादी हुई थी। शादी के तीन माह के बाद ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से तंग किया जाने लगा। उनकी भतीजी से ससुराल वालों ने दहेज मांगना शुरू कर दिया। फिर लड़की पैदा होने पर उसे ज्यादा यातनाएं दी जाने लगीं। यही नहीं, ससुराल वाले फोन पर बात नहीं करवाते थे। पीड़िता को न्याय दिलवाने के लिए ठेहड़ पंचायत में उन्होंने अर्जी भी दी लेकिन पंचायत के लोग उन्हें मारने पर उतारू हो गए। कुछ दिन पहले भी उसकी भतीजी को शारीरिक तौर पर प्रताड़ित किया गया। शारीरिक तौर पर प्रताड़ित करने के कारण उसके शरीर पर नील पड़ गए थे। चाचा दर्शन कुमार ने एसपी से मामले के न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि प्रताड़ना के कारण उसकी भतीजी बहुत सहमी हुई है। इसका असर उसके नवजात बच्चे पर भी पड़ रहा है।