जिला मुख्यालय में चार केंद्रों में होगा आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला में चार विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर चार अगस्त को संघ लोक सेवा आयोग की ओर से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की परीक्षा होगी। इस दौरान 1337 परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं। दो सत्रों में आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिलाधीश कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि परीक्षा का पहला सत्र प्रातः 10 से 12 बजे तक जबकि दूसरा सत्र दोपहर दो से सायं पांच बजे तक होगा। इन परीक्षाओं में कुल 1337 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि गर्ल्स स्कूल धर्मशाला में बनाए गए परीक्षा केंद्र में 288, राजकीय डिग्री काॅलेज धर्मशाला में 576, बाॅय स्कूल धर्मशाला में 277 जबकि हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी रिजनल सेंटर खनियारा में 196 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षार्थी अपने साथ अपना ई-एडमिट कार्ड अवश्य लाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र में पहुंचना होगा।