धर्मशाला बस अड्डा आएं तो पानी की बोतल साथ लाएं
न हैंडपंप कर रहा काम, वाटर कूलर ने भी छोड़ा साथ
पानी के अभाव में शौचालय पर भी लगा ताला
विपिन चौधरी
धर्मशाला। अंतरराज्यीय बस अड्डा धर्मशाला आएं तो अपने साथ पानी की बोतल जरूर लाएं। अन्यथा आपको पानी के अभाव में प्यासा रहना पड़ सकता है। रोजाना सैकड़ों की तादाद में देश-विदेश के पर्यटक जिस बस अड्डा पर पहुंचते हैं, वहां पर न तो वाटर कूलर से पानी मिल पा रहा है और न ही वहां पर कई दिनों से सूखा पड़ा हैंडपंप लोगों की प्यास बुझा पा रहा है। बस अड्डा में पानी का इतना अभाव है कि इसके साथ लगते शुलभ शौचालय के गेट को भी बंद कर दिया गया है। इसके अलावा बस अड्डा पर चल रही कैंटीन में भी पानी की दिक्कत महसूस की जा रही है। हैरानी इस बात की है कि बस अड्डा में पानी की यह दिक्कत करीब तीन-चार दिन से चली हुई है। बावजूद इसके पर्यटन सीजन होने के बावजूद यहां पर पानी की व्यवस्था नहीं हो सकी है।
बाक्स
पानी की टंकिंयों में भी जमी है गाद
बस अड्डा परिसर और कैंटीन में सप्लाई करने के लिए रखी गई पानी की टंकियों की हालत भी खस्ता है। पानी की इन टंकियों को कई दिन से साफ तक नहीं किया गया है। इसके चलते इन पानी की टंकियों में करीब एक इंच तक पानी की गाद जम चुकी है, जबकि कई पानी की टंकियों के ढक्कन टूटे हुए हैं।
बाक्स
बीमारियों को न्योता दे रहीं टंकियां
बस अड्डा में पानी सप्लाई करने के लिए रखी गईं टंकियां पूरी तरह से बीमारियों केे न्योता दे रही हैं। पानी की टंकियों को कई दिनों से साफ न करने की स्थिति में इनमें मिट्टी की परत जम चुकी है, जो कि बीमारियों को न्योता दे रही है। इसके अलावा खुली पड़ी टंकियों में कोई भी शरारत तत्व कोई जहरीला पदार्थ मिला कर लोगों की जान को जोखिम में डाल सकता है।
-बस अड्डा के पिछली तरफ जेसीबी से काम चला हुआ है। इसके चलते शुक्रवार को पानी की पाइपों को जेसीबी ने तोड़ दिया था। इस बारे में आईपीएच विभाग को शिकायत की गई है। उम्मीद है विभाग जल्द ही पानी की पाइपों को दुरुस्त कर पानी की सप्लाई बहाल करेगा।
-पंकज चड्ढा, आरएम, धर्मशाला डिपो
-हमारे पास पानी की पाइपें टूटने की कोई शिकायत नहीं आई है। जो पाइप टूटी है वह परिवहन निगम की है, इसलिए यह पाइप उन्हें खुद ही ठीक करवानी पड़ेगी। जहां तक आईपीएच की पाइप लगी है, वहां तक सप्लाई सही है। मौजूदा समय में बस अड्डा में एक ही कनेक्शन है, जिससे पानी का कूलर, कैंटीन और शौचालय को पानी की सप्लाई हो रही है। अड्डा प्रबंधन को अलग से कनेक्शन लेने की बात कही गई है। - विपिन कुमार, एसडीओ, आईपीएच धर्मशाला