बारिश में कर दी धर्मशाला-सराह सड़क की टारिंग
लोनिवि की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिला कांगड़ा में हुई झमाझम बारिश के बीच धर्मशाला-सराह संपर्क सड़क पर टारिंग का कार्य चलता रहा। बारिश के बीच टारिंग बिछाने के हुए कार्य के चलते लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हुए हैं। जानकारी के मुताबिक लोक निर्माण विभाग धर्मशाला-सराह सड़क पर तारकोल बिछाने का कार्य कर रहा है लेकिन बुधवार को बारिश के बीच भी तारकोल बिछाने का कार्य निरंतर चलता रहा। नियमों के तहत बारिश में तारकोल नहीं बिछाई जा सकती लेकिन इस सड़क पर कई ट्रक हॉट मिक्स के बिछा दिए गए। अब ये सड़कें कितने दिन टिकेंगी, इसका जवाब विभागीय अधिकारियों के पास भी नहीं है। बारिश के बीच तारकोल बिछाने का यह लोनिवि का पहला कारनामा नहीं है। इससे पहले भी धर्मशाला-गगल वाया सकोह सड़क पर भी बारिश के बीच टारिंग की गई है। हालांकि, बारिश के बीच हुई इस टारिंग को अभी तक कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। अब देेखना है कि बारिश के बीच धर्मशाला-सराह सड़क पर हुई टारिंग कितने दिन टिकती है। वहीं, इस संदर्भ में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग धर्मशाला केके कौशल का कहना है कि सड़क पर की गई टारिंग अगर जल्द उखड़ जाती है तो संबंधित ठेकेदार की पेमेंट रोक दी जाएगी।